मुंबई में टाटा संस के निदेशक मंडल की बैठक संपन्न

मुंबई में टाटा संस के निदेशक मंडल की बैठक संपन्न

मुंबई में टाटा संस के निदेशक मंडल की बैठक संपन्न
Modified Date: May 26, 2026 / 06:18 pm IST
Published Date: May 26, 2026 6:18 pm IST

मुंबई, 26 मई (भाषा) टाटा समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस के निदेशक मंडल बैठक मंगलवार को हुई।

टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा समेत बोर्ड के निदेशक सुबह बॉम्बे हाउस स्थित मुख्यालय पहुंचे और दोपहर बाद रवाना हुए।

दक्षिण मुंबई स्थित मुख्यालय से निकलते समय समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों पर संवाददाताओं से कोई बात नहीं की।

टाटा समूह के भीतर बढ़ते मतभेदों के बीच हुई निदेशक मंडल (बोर्ड) की बैठक में चंद्रशेखरन की पुनर्नियुक्ति पर चर्चा होने की संभावना नहीं थी।

माना जा रहा है कि चंद्रशेखरन और टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा ने समूह की कंपनियों के प्रदर्शन से संबंधित इसी मुद्दे पर चर्चा करने के लिए सप्ताहांत में मुलाकात की थी। नोएल टाटा संस बोर्ड में नामित निदेशक हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2024-25 में टाटा समूह के गैर-सूचीबद्ध कारोबारों को 10,905 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। इस घाटे के बढ़कर 29,000 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।

गौरतलब है कि टाटा समूह में हाल ही में शीर्ष स्तर पर काफी मतभेद देखने को मिले हैं। इनमें कुछ सदस्यों को निष्कासित करना या निष्कासित करने के प्रयास और टाटा संस के चेयरमैन के रूप में चंद्रशेखरन के पद पर बने रहने के फैसले को टालना शामिल है। टाटा समूह में टाटा ट्रस्ट शामिल है, जो समूह की होल्डिंग कंपनी टाटा संस की दो-तिहाई हिस्सेदारी रखती है।

रिपोर्ट के अनुसार, नोएल टाटा खासकर चंद्रशेखरन के नेतृत्व में शुरू किए गए टाटा डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक्स उद्यम और कुछ साल पहले सरकार से खरीदी गई एयर इंडिया जैसे कारोबार में बढ़ते घाटों को लेकर चिंतित हैं।

नोएल टाटा, टाटा संस को आईपीओ के माध्यम से सार्वजनिक करने के इच्छुक नहीं हैं। वर्तमान में, एक प्रमुख निवेश कंपनी, टाटा संस को आरबीआई द्वारा शीर्ष 15 गैर-बैंक वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) में वर्गीकृत किया गया है, जिन्हें सूचीबद्ध होना अनिवार्य है।

नोएल टाटा के बेटे नेविल टाटा को पहले ही समूह से जुड़े कुछ ट्रस्ट या फाउंडेशन में शामिल किया जा चुका है।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में