टाटा स्टारबक्स की महानगरों, तेजी से बढ़ते शहरों में नए स्टोर खोलने की योजना
टाटा स्टारबक्स की महानगरों, तेजी से बढ़ते शहरों में नए स्टोर खोलने की योजना
हैदराबाद, 30 जुलाई (भाषा) टाटा स्टारबक्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुशांत दास ने बृहस्पतिवार को कहा कि कंपनी महानगरों के साथ-साथ तेजी से बढ़ रहे उभरते शहरों में भी विस्तार की योजना बना रही है।
कंपनी ने बृहस्पतिवार को दक्षिण भारत में अपना पहला स्टारबक्स रिजर्व स्टोर शुरू किया। इसके साथ ही देश में उसके स्टारबक्स रिजर्व स्टोर की कुल संख्या बढ़कर छह हो गई है।
नए स्टोर के अलावा कंपनी के तीन स्टारबक्स रिजर्व स्टोर दिल्ली-एनसीआर में तथा एक-एक मुंबई और कोलकाता में हैं।
दास ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा, “हम स्थापित महानगरीय बाजारों और तेजी से उभरते शहरों, दोनों में अवसर देख रहे हैं। हमारा ध्यान सोच-समझकर विस्तार करने पर है। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर भी हमारा ध्यान है कि प्रत्येक नया कॉफीहाउस ग्राहकों को वही ‘स्टारबक्स’ अनुभव प्रदान करे, जिसकी वे अपेक्षा करते हैं।”
स्टारबक्स कॉफी कंपनी और टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की संयुक्त उद्यम टाटा स्टारबक्स ने भारत में वर्ष 2012 से परिचालन शुरू किया था। इसमें दोनों कंपनियों की 50:50 के अनुपात में हिस्सेदारी है।
दास ने कहा कि कंपनी वर्तमान में 80 से अधिक शहरों में 500 से ज्यादा स्टोर संचालित कर रही है। इससे भारत स्टारबक्स के वैश्विक स्तर पर सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में शामिल हो गया है।
उन्होंने कहा कि भारत कंपनी के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण वृद्धि वाला बाजार बना हुआ है। कंपनी उपयुक्त स्थानों और सही प्रारूप में कॉफीहाउस खोलते हुए दीर्घकालिक और संतुलित विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है।
दास ने कहा कि ग्राहकों की बदलती पसंद को देखते हुए कंपनी स्टारबक्स रिजर्व जैसे विशिष्ट कॉफी अनुभवों में निवेश जारी रखेगी और पूरे देश में अपनी मौजूदगी को बढ़ाएगी।
उन्होंने कहा कि लगातार नए स्टोर खोलने, पेय और खाद्य उत्पादों में नवोन्मेष तथा ग्राहकों की बढ़ती भागीदारी के कारण भारत स्टारबक्स के सबसे तेजी से बढ़ते वैश्विक बाजारों में बना हुआ है।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


