रुपया 71 पैसे उछलकर 93.51 प्रति डॉलर पर बंद

Ads

रुपया 71 पैसे उछलकर 93.51 प्रति डॉलर पर बंद

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 09:49 PM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 09:49 PM IST

मुंबई, आठ मई (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया शुक्रवार को नुकसान से उबरते हुए 71 पैसे की मजबूती के साथ 93.51 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया में अस्थिर स्थिति के कारण ऊर्जा आपूर्ति को लेकर ताजा चिंताओं के बावजूद रुपये में यह मजबूती आई है।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि ईरान ने अमेरिका पर युद्धविराम उल्लंघन का आरोप लगाया है। ईरान का कहना है कि अमेरिका ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य और नागरिक इलाकों में नए हमले किए, जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि युद्धविराम अब भी प्रभावी है। इससे निवेशकों की कारोबारी धारणा प्रभावित हुई।

अमेरिका-ईरान शांति समझौते के बीच ब्रेंट क्रूड की कीमत गिरकर 98 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थी। लेकिन पश्चिम एशिया में समझौते को लेकर उम्मीद कम होने से यह बढ़कर लगभग 100 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.58 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान यह 94.68 तक फिसल गया। बाद में रुपया नुकसान से उबरते हुए कारोबार के अंत में 93.51 प्रति डॉलर पर बंद हुआ जो यह पिछले बंद भाव से 71 पैसे की मजबूती है।

रुपया बृहस्पतिवार को शुरुआती नुकसान से उबरते हुए 27 पैसे की मजबूती के साथ 94.22 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, “पश्चिम एशिया में फिर बढ़े वैश्विक तनाव के बीच रुपये में कमजोर रुख रहने का अनुमान है…।’’

उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये के हाजिर भाव के 94.10 से 94.90 के दायरे में रहने का अनुमान है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.15 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.91 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.25 प्रतिशत गिरकर 99.81 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 516.33 अंक की गिरावट के साथ 77,328.19 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 150.50 अंक की गिरावट के साथ 24,176.15 अंक पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक बाजार में शुद्ध बिकवाल रहे। उन्होंने शुक्रवार को 4,110.60 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण

रमण