मई में तिरुपति लड्डू की बिक्री 1.2 करोड़ के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर

Ads

मई में तिरुपति लड्डू की बिक्री 1.2 करोड़ के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर

  •  
  • Publish Date - June 3, 2026 / 09:26 PM IST,
    Updated On - June 3, 2026 / 09:26 PM IST

तिरुपति, तीन जून (भाषा) यहां श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर द्वारा परोसे जाने वाले प्रसिद्ध तिरुपति लड्डू ने मई में 1.2 करोड़ से अधिक लड्डू की बिक्री के साथ अपना अधिकतम मासिक बिक्री का स्तर हासिल किया है।

बुधवार को टीटीडी की ओर से एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि मई, 2026 में तिरुपति लड्डू की बिक्री ने वर्ष 2024 और वर्ष 2025 के इसी महीने में क्रमशः 1.01 करोड़ और 1.1 करोड़ के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

“पवित्र श्रीवारी (देवता) लड्डू की बिक्री मई में सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई… इस मई के दौरान रिकॉर्ड तोड़ बिक्री का आंकड़ा 1,21,35,528 लड्डू रहा, जबकि वर्ष 2024 में 1.01 करोड़ और वर्ष 2025 में इसी महीने में 1.1 करोड़ लड्डू की बिक्री हुई थी, जो स्पष्ट रूप से साल-दर-साल पर्याप्त वृद्धि को दर्शाता है।”

लगातार बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए, मंदिर निकाय ने गुणवत्ता के साथ-साथ पारदर्शिता बढ़ाने के लिए अत्याधुनिक उपकरणों को अपनाकर भक्तों को बगैर रुकावट के और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करते हुए, लड्डू उत्पादन में काफी वृद्धि की है।

बयान में कहा गया कि एक दिन में चार लाख से अधिक लड्डू तैयार करने के लिए, टीटीडी 68 टन कच्चे माल का उपयोग करता है, जिसमें 32 टन चीनी, बेसन (16 टन), घी (16 टन), काजू (3.5 टन), किशमिश (दो टन), इलायची (400 किलोग्राम) और मिश्री (800 किलोग्राम) शामिल हैं।

इसी तरह, एक लड्डू बनाने के लिए 170 ग्राम तक कच्चे माल का उपयोग किया जाता है, जिसमें 78 ग्राम चीनी, बंगाल चने की दाल (39 ग्राम), घी (36 ग्राम), काजू (सात ग्राम), किशमिश (तीन ग्राम) और अन्य सामग्री शामिल होती है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय