टॉरेंट पावर का शुद्ध लाभ जून तिमाही में 87 प्रतिशत उछलकर 996 करोड़ रुपये पर
टॉरेंट पावर का शुद्ध लाभ जून तिमाही में 87 प्रतिशत उछलकर 996 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) विभिन्न कारोबार क्षेत्रों से जुड़े टॉरेंट समूह की कंपनी टॉरेंट पावर का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 87 प्रतिशत उछलकर 996.34 करोड़ रुपये रहा। मुख्य रूप से आय बढ़ने से कंपनी का लाभ बढ़ा है।
कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में एक साल पहले 2023-24 की इसी तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 532.28 करोड़ रुपये था।
टॉरेंट पावर की कुल आय आलोच्य तिमाही में बढ़कर 9,110.02 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 7,413.32 करोड़ रुपये थी।
निदेशक मंडल ने टॉरेंट इलेक्ट्रिकल्स प्राइवेट लि. (टीईपीएल) के 100 प्रतिशत इक्विटी शेयरों को होल्डिंग कंपनी टॉरेंट इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लि. (टीआईपीएल) को बेचने की भी मंजूरी दे दी। यह सौदा 85 करोड़ रुपये का है।
कंपनी ने कहा कि यह एक संबंधित पक्षों के बीच लेनदेन है और यह बाजार मूल्य पर किया गया है।
टीआईपीएल टॉरेंट पावर की होल्डिंग कंपनी और प्रवर्तक समूह की इकाई है।
टॉरेंट पावर की स्थापित उत्पादन क्षमता 4,415 मेगावाट है। इसमें 2,730 मेगावाट गैस आधारित क्षमता, 1,323 मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और 362 मेगावाट कोयला आधारित क्षमता है।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


