व्यापार संगठन एआईएसटीए ने कहा, चीनी की कमी की खबरें सही नहीं

Ads

व्यापार संगठन एआईएसटीए ने कहा, चीनी की कमी की खबरें सही नहीं

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 08:31 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 08:31 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) अखिल भारतीय चीनी व्यापार संघ (एआईएसटीए) ने सोमवार को कहा कि चीनी की कमी की खबरें बेबुनियाद हैं, जबकि एक महीने से भी कम समय में चीनी की फैक्ट्री पर कीमतें लगभग 15 प्रतिशत बढ़ गई हैं। साथ ही, इस चीनी संघ ने अपने सदस्यों से देश भर में चीनी की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

अपने 700 संबद्ध मुख्य सदस्यों और संगठनों को भेजे एक संदेश में, एआईएसटीए ने कहा कि भारतीय चीनी एवं जैव-ऊर्जा विनिर्माता संघ (इस्मा) और नेशनल फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर फैक्ट्रीज (एनएफसीएसएफ) ने 17 जुलाई को संयुक्त रूप से स्पष्ट किया था कि देश में घरेलू मांग को पूरा करने के लिए चीनी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

चीनी संघ ने कहा कि चीनी उद्योग, कृषि-जलवायु परिस्थितियों के आधार पर 2026-27 सत्र (अक्टूबर-सितंबर) को जल्द से जल्द शुरू करने पर भी सहमत हो गया है।

एआईएसटीए के चेयरमैन प्रफुल्ल विठलानी ने संदेश में कहा, ‘‘हाल ही में एक्स-फैक्ट्री चीनी की कीमतों में हुई बढ़ोतरी – एक महीने से भी कम समय में लगभग 15 प्रतिशत – ने कमी की एक अनावश्यक धारणा पैदा कर दी है।’’

उन्होंने चीनी मूल्य श्रृंखला से जुड़े सभी पक्षों – चीनी मिलों, व्यापारिक घरानों, थोक विक्रेताओं, वितरकों और संस्थागत उपभोक्ताओं – से आग्रह किया कि वे देश भर में चीनी की आसान उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए ‘‘सकारात्मक कदम’’ उठाएं।

विठलानी ने कोविड-19 महामारी के दौरान उद्योग के पहले के रिकॉर्ड का हवाला दिया, जब आपूर्ति बनाए रखी गई थी और सरकार ने इस प्रयास की सराहना की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें अब भी वैसा ही रवैया अपनाना चाहिए।’’ और सदस्यों से ‘‘आपूर्ति पाइपलाइन को सुचारू रूप से चालू रखने’’ और ऐसी गतिविधियों से बचने का आह्वान किया जो इसमें बाधा डाल सकती हैं।

उन्होंने सदस्यों से घबराहट में खरीदारी या सट्टेबाजी के लिए स्टॉक जमा करने से बचने, सरकारी नियमों का पालन करने और ‘‘गुमराह करने वाली जानकारी या अफवाहों’’ पर ध्यान न देने को भी कहा।

संबंधित पक्षों को लिखे एक अलग खुले पत्र में, एआईएसटीए ने कहा कि वह चीनी की उपलब्धता को लेकर आशावादी है। उसने उद्योग द्वारा पर्याप्त स्टॉक स्तर के आश्वासन और पेराई के जल्द शुरू होने की संभावना का हवाला दिया।

चीनी संघ ने कहा कि उसे उम्मीद है कि फसल कटाई के शुरुआती दौर में बहुत अधिक बारिश के बिना मौसम अनुकूल रहेगा, जिससे गन्ने की कटाई और पेराई बिना किसी रुकावट के जारी रह सकेगी।

एआईएसटीए ने मिलों, व्यापारियों और संस्थागत खरीदारों से सरकारी नियमों का सख्ती से पालन करने, कामकाज सुचारू रूप से चलाने और उद्योग संघों के आश्वासनों पर भरोसा करने का आग्रह किया।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय