नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईसी) ने नियमों के उल्लंघन और आईएसआई निशान के गलत इस्तेमाल के आरोप में प्रेशर कुकर बनाने वाली दो इकाइयों पर छापेमारी की है और बड़ी मात्रा में माल भी जब्त किया है।
बुधवार को जारी बयान के अनुसार, बीआईसी के विजयवाड़ा शाखा कार्यालय ने 29 मई को यह कार्रवाई की। यह छापेमारी आंध्र प्रदेश में स्थित दो इकाइयों घनश्याम एल्युमिनियम और रामदेव इंडस्ट्रीज पर की गई।
बीआईसी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाया गया कि दोनों इकाइयां बिना वैध लाइसेंस और गलत आईएसआई मार्क के साथ प्रेशर कुकर और उनके कल-पुर्जों का निर्माण और भंडारण कर रही थीं।
घनश्याम एल्युमिनियम परिसर से बिना बीआईएस लाइसेंस या आईएसआई निशान के विभिन्न ब्रांड और क्षमता के लगभग 9,519 प्रेशर कुकर के कल-पुर्जे जब्त किए गए।
इसी तरह रामदेव इंडस्ट्रीज से भी विभिन्न क्षमता के प्रेशर कुकर, 478 तैयार कुकर, 418 बॉडी और 100 ढक्कन जब्त किए गए।
बीआईसी ने कहा कि दोनों इकाइयों के खिलाफ बीआईसी अधिनियम, 2016 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
भाषा योगेश रमण
रमण