यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने बॉन्ड से 60 करोड़ डॉलर जुटाए

Ads

यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने बॉन्ड से 60 करोड़ डॉलर जुटाए

  •  
  • Publish Date - August 28, 2026 / 06:31 PM IST,
    Updated On - August 28, 2026 / 06:31 PM IST

नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने कारोबार बढ़ाने के लिए विदेशी निवेशकों को बॉन्ड जारी कर 60 करोड़ डॉलर जुटाए हैं।

बैंक ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसकी दुबई इंटरनेशनल फाइनेंशियल सेंटर (डीआईएफसी) शाखा के माध्यम से दो अलग-अलग किस्तों में 30-30 करोड़ डॉलर के बॉन्ड जारी किए गए। इनकी परिपक्वता अवधि क्रमशः तीन और पांच वर्ष है।

बैंक के अनुसार, ये बॉन्ड ‘रेगुलेशन एस’ के तहत जारी किए गए हैं। ऐसे वित्तीय साधनों को अमेरिका के बाहर जारी किया जा सकता है और इनके लिए अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (एसईसी) के पास पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होती।

यूनियन बैंक ने बताया कि तीन साल में परिपक्व होने वाले बॉन्ड 5.23 प्रतिशत की कूपन दर (ब्याज) पर जारी किए है। वहीं, पांच साल की अवधि वाले बॉन्ड पर कूपन दर 5.417 प्रतिशत है। इन पर ब्याज का भुगतान हर साल 28 फरवरी और 28 अगस्त को छमाही आधार पर किया जाएगा।

ये बॉन्ड एनएसई आईएफएससी लि. में सूचीबद्ध किए जाएंगे।

भाषा यासिर रमण

रमण