राशिद ने तेलंगाना ओपन के साथ सात साल का खिताबी सूखा खत्म किया

Ads

राशिद ने तेलंगाना ओपन के साथ सात साल का खिताबी सूखा खत्म किया

  •  
  • Publish Date - August 28, 2026 / 06:33 PM IST,
    Updated On - August 28, 2026 / 06:33 PM IST

विकाराबाद, 28 अगस्त (भाषा) अनुभवी गोल्फर राशिद खान ने अंतिम दौर में पांच अंडर 67 का स्कोर कर तीन शॉट के अंतर से तेलंगाना ओपन का खिताब अपने नाम कर सात साल से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म कर दिया।

दिल्ली के 35 वर्षीय राशिद ने चार दौर में 66, 67, 65 और 67 के कार्ड के साथ कुल 23 अंडर 265 का स्कोर बनाया।। यह उनके पेशेवर करियर का 15वां खिताब है जबकि डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में उनकी 11वीं सफलता है।

इस जीत से राशिद को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली और वह पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में छठे स्थान पर पहुंच गए। इस सत्र में उनकी कुल कमाई अब 44,95,509 रुपये हो गई है।

दिल्ली के हनी बैसोया ने अंतिम दौर में सात अंडर 65 का कार्ड खेला जिसमें नौ बर्डी और दो बोगी शामिल रहीं। बैसोया 20 अंडर 268 के कुल स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे। फरवरी में वर्ल्ड प्लेयर्स चैंपियनशिप जीत चुके बैसोया को उपविजेता रहने पर 10 लाख रुपये मिले। वह सत्र की रैंकिंग में तीसरे स्थान पर हैं और उनकी कुल कमाई 51,72,092 रुपये हो गई है।

गुरुग्राम के वीर अहलावत ने भी अंतिम दौर में 65 का शानदार स्कोर बनाया। वह कुल 19 अंडर 269 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उनके साथ रात तक शीर्ष पर चल रहे अंगद चीमा भी संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। चीमा का चार दौर का स्कोर 70, 61, 65 और 73 रहा।

राशिद की इससे पहले पीजीटीआई में जीत 2019 में प्लेयर्स चैंपियनशिप में आई थी। इसके बाद सात साल के कठिन दौर से गुजरने के बाद दो बार एशियन टूर विजेता और तीन बार पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन रहे राशिद ने पोडियम पर लौटने को भावुक कर देने वाला पल बताया।

राशिद ने कहा, “मैं इस समय कैसा महसूस कर रहा हूं, इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता। सात साल हो गए हैं मेरी पिछली जीत को और इस दौरान मुझे अपने खेल को लेकर काफी संघर्ष करना पड़ा। मैंने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन इस दौरान बहुत कुछ सीखा भी। जब आप ऐसे दौर से गुजरकर बाहर आते हैं तो आपको समझ में आता है कि आपको क्या करना है।’’

भाषा आनन्द नमिता

नमिता