विदर्भ विकास का नया केंद्र बनने के लिए तैयार: जीत अदाणी

Ads

विदर्भ विकास का नया केंद्र बनने के लिए तैयार: जीत अदाणी

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 09:06 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 09:06 PM IST

नागपुर, छह फरवरी (भाषा) अदाणी समूह के हवाईअड्डों के निदेशक जीत अदाणी ने शुक्रवार को कहा कि महाराष्ट्र का विदर्भ क्षेत्र ऊर्जा, उद्योग और रोज़गार की नई राजधानी बनने के लिए तैयार है। वह नागपुर में ‘एडवांटेज विदर्भ 2026’ में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि पूर्वी महाराष्ट्र क्षेत्र अब सिर्फ संभावनाओं की भूमि नहीं रही, बल्कि यह एक नया विकास केंद्र बनने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

अदाणी ने कहा, ‘‘मज़बूत नेतृत्व, आधुनिक बुनियादी ढांचा और उद्योग और सरकार के बीच करीबी सहयोग विदर्भ को अपनी समृद्ध ऐतिहासिक विरासत को आर्थिक और औद्योगिक ताकत में बदलने में सक्षम बना रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र प्राचीन काल से ही ‘‘ज्ञान, संस्कृति और साहस’’ का केंद्र रहा है, और नागपुर लॉजिस्टिक, ऊर्जा, विमानन और प्रौद्योगिकी के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बुनियादी ढांचा, संपर्क सुविधाओं और संतुलित क्षेत्रीय विकास पर उनके ध्यानबिन्दु ने विदर्भ को निवेश के लिए एक आकर्षक जगह बना दिया है।

जीत अदाणी ने कहा कि अदाणी समूह के तिरोड़ा में 3,300 मेगावाट के अत्याधुनिक तापीय बिजली संयंत्र और बुटीबोरी में 600 मेगावाट की परियोजना के फिर से शुरू होने से महाराष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा काफी मज़बूत हुई है। सौर और तापीय ऊर्जा के संयोजन से 6,600 मेगावाट बिजली की विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि कलमेश्वर के लिंगा में प्रस्तावित 70,000 करोड़ रुपये का एकीकृत कोयला गैसिकरण और ‘डाउनस्ट्रीम डेरिवेटिव्स कॉम्प्लेक्स’ 30,000 प्रत्यक्ष नौकरियां पैदा करेगा और नागपुर को स्वच्छ ऊर्जा और उन्नत रसायन उद्योगों के लिए वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करेगा।

भाषा राजेश राजेश पाण्डेय

पाण्डेय