मुंबई के मुलुंड इलाके में तेंदुए का वायरल वीडियो देखकर लोगों में दहशत

Ads

मुंबई के मुलुंड इलाके में तेंदुए का वायरल वीडियो देखकर लोगों में दहशत

  •  
  • Publish Date - February 6, 2026 / 10:28 PM IST,
    Updated On - February 6, 2026 / 10:28 PM IST

मुंबई, छह फरवरी (भाषा) उत्तर-पूर्वी मुंबई के मुलुंड इलाके में एक आवासीय सोसायटी के बाहर तेंदुए द्वारा एक आवारा कुत्ते का शिकार किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय निवासियों में दहशत फैल गई। इसके बाद वन विभाग की टीम और वन्यजीव विशेषज्ञ प्राथमिक कार्रवाई के तहत इलाके में पहुंचे। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान (एसजीएनपी) और आरे वन क्षेत्र की सीमा से सटे इलाकों में तेंदुओं के दिखने और उनके द्वारा आवारा या पालतू पशुओं का शिकार किए जाने की घटनाएं असामान्य नहीं हैं।

रेस्किंक एसोसिएशन फॉर वाइल्डलाइफ वेलफेयर (आरएडब्ल्यूडब्ल्यू) के संस्थापक-अध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा, “घटनास्थल एसजीएनपी से बेहद नजदीक है। इस क्षेत्र में तेंदुओं और अन्य वन्य जीवों की नियमित आवाजाही देखी जाती है। लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि सतर्क और जागरूक रहने की आवश्यकता है।”

उन्होंने कहा कि निवासियों को तेंदुओं की मौजूदगी को लेकर बुनियादी सावधानियों का पालन करना चाहिए, ताकि मानव और वन्यजीवों के बीच किसी भी नकारात्मक टकराव से बचा जा सके।

शर्मा ने बताया कि आरएडब्ल्यूडब्ल्यू की टीम वन विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और जहां आवश्यक हो, वहां हस्तक्षेप किया जा रहा है।

भाषा राखी दिलीप

दिलीप