सेबी के प्रतिबंध आदेश के बाद जी एंटरटेनमेंट का शेयर 15 प्रतिशत टूटा

Ads

सेबी के प्रतिबंध आदेश के बाद जी एंटरटेनमेंट का शेयर 15 प्रतिशत टूटा

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 05:27 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 05:27 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (जेडईईएल) के शेयर में सोमवार को 15 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।

हैदराबाद स्थित कंपनी की जमीन को गिरवी रखने के मामले में भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) द्वारा जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज पर दो महीने तथा उसके मानद चेयरमैन सुभाष चंद्रा और प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एमडी एवं सीईओ) पुनीत गोयनका पर एक वर्ष के लिए प्रतिभूति बाजार में प्रतिबंध लगाने के बाद कंपनी के शेयर में गिरावट आई।

बीएसई में कंपनी का शेयर 14.98 प्रतिशत लुढ़ककर 98.15 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 17.19 प्रतिशत टूटकर 95.60 रुपये तक आ गया।

एनएसई में भी कंपनी का शेयर 14.32 प्रतिशत गिरकर 98.14 रुपये पर बंद हुआ।

कंपनी का बाजार पूंजीकरण 1,661.69 करोड़ रुपये घटकर 9,427.50 करोड़ रुपये रह गया।

सेबी ने शुक्रवार देर रात जारी 150 पृष्ठ के अंतिम आदेश में एस्सेल समूह की इकाइयों द्वारा लिए गए ऋण को सुरक्षित करने के लिए जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (जेडईईएल) की हैदराबाद स्थित भूमि को अनधिकृत रूप से गिरवी रखने के मामले में कंपनी को दो महीने और इसके मानद चेयरमैन चंद्रा तथा प्रबंध निदेशक एवं सीईओ गोयनका को एक साल के लिए प्रतिभूति बाजार से प्रतिबंधित कर दिया है।

इसके अलावा, बाजार नियामक ने उन पर कुल 1.48 करोड़ रुपये का जुर्माना भी लगाया है। इसमें से जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड पर 30 लाख रुपये, सुभाष चंद्रा पर 60 लाख रुपये और पुनीत गोयनका पर 58 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।

भाषा निहारिका अजय

अजय