छत्तीसगढ़ में कोविड-19 के 48 नए मामले

Ads

छत्तीसगढ़ में कोविड-19 के 48 नए मामले

  •  
  • Publish Date - September 9, 2021 / 12:39 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:38 PM IST

रायपुर, आठ सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस से 48 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में बुधवार तक कोविड-19 की चपेट में आने वालों की कुल संख्या 10,04,772 हो गई है।

राज्य में बुधवार को आठ लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई है, वहीं 14 लोगों ने घर में पृथकवास की अवधि पूरी की। राज्य में बुधवार को कोरोना वायरस से संक्रमित किसी भी मरीज की मृत्यु नहीं हुई है।

राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि आज संक्रमण के 48 नए मामले आए हैं। इनमें रायपुर जिले से तीन, दुर्ग से नौ, राजनांदगांव से एक, धमतरी से एक, बलौदाबाजार से एक, गरियाबंद से एक, बिलासपुर से एक, रायगढ़ से दो, कोरबा से 12, जांजगीर—चांपा से दो, जशपुर से तीन, कांकेर से छह, नारायणपुर से एक, बीजापुर से तीन और अन्य राज्य से दो मामले शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 10,04,772 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जिनमें से 9,90,825 मरीज इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हो गए हैं। राज्य में 390 मरीज उपचाराधीन हैं। राज्य में वायरस से संक्रमित 13,557 लोगों की मौत हुई है।

राज्य के रायपुर जिले में सबसे अधिक 1,57,893 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई है। जिले में कोरोना वायरस संक्रमित 3,139 लोगों की मौत हुई है।

भाषा संजीव शफीक