रायपुर, 18 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार की सुबह सैर के दौरान कुछ अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने कथित तौर पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक का मोबाइल फोन छीन लिया, जिससे कानून-व्यवस्था को लेकर एक राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
विपक्षी दल कांग्रेस ने इस घटना को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह घटना केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के राज्य के तीन दिवसीय दौरे के दौरान हुई है। उन्होंने इसे ‘राज्य के तथाकथित सुशासन पर एक तमाचा’ करार दिया।
पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल सवार चोरों ने कौशिक का मोबाइल फोन उस समय छीन लिया, जब वह सिविल लाइंस पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक पीडब्ल्यूडी फ्लाईओवर पर अकेले टहल रहे थे।
एक अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपियों की पहचान कर उनका पता लगाने के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीव्ही फुटेज खंगालना शुरू कर दिया।
संवाददाताओं से बात करते हुए, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कौशिक ने इस घटना की पुष्टि की और बताया कि उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दे दी है, और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”छत्तीसगढ़वासी अपनी सुरक्षा स्वयं करें। अभी सूचना मिली है कि छत्तीसगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बिल्हा विधायक, पूर्व नेता प्रतिपक्ष श्री धरम लाल कौशिक जी के साथ आज मॉर्निंग वॉक के दौरान सिविल लाइन में लूटपाट हो गई है, चोर उनका मोबाइल छीनकर भाग गए। सोचिए जरा! जब देश के गृहमंत्री अमित शाह जी छत्तीसगढ़ में हैं, उस समय ‘मॉर्निंग वॉक’ के दौरान ऐसी घटना कथित ‘सुशासन’ पर तमाचा है।’’
बघेल ने कहा, ‘‘विज्ञापनजीवी सरकार को अब तक समझ जाना चाहिए कि ‘सुशासन तिहार’ नाम की चाशनी लपेटने से कड़वी सच्चाई का स्वाद नहीं बदलेगा। हर तरफ़ चोरी, चाकूबाज़ी, हत्या, लूटपाट की घटनाएँ चरम पर हैं। साथ ही प्रदेश के सबसे निकम्मे गृहमंत्री रीलबाज़ी और स्वागतबाज़ी में व्यस्त हैं।”
एक अन्य पोस्ट में, बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हैंडल से शाह द्वारा रायपुर में ‘सीजी डायल 112’ आपातकालीन प्रतिक्रिया सेवा वाहन को हरी झंडी दिखाने के कार्यक्रम का लाइव लिंक साझा किया, और लिखा, ‘इधर आप ‘डायल 112’ को झंडी दिखाते रहिए, उधर धरम लाल कौशिक जी का मोबाइल छीनकर चोर ‘9-2-11’ हो गए।”
शाह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने और बस्तर में केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करने के लिए छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।
भाषा संजीव रंजन
रंजन