लापता व्यक्ति का शव बाथरूम के फ़र्श के नीचे मिला, हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार

Ads

लापता व्यक्ति का शव बाथरूम के फ़र्श के नीचे मिला, हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 12:58 AM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 12:58 AM IST

आगरा (उप्र), तीन जुलाई (भाषा) आगरा पुलिस ने शुक्रवार को एक महिला को अपने पति की कथित तौर पर हत्या करके उसके शव को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दबाने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला ने अपने पति के लापता होने की शिकायत भी दर्ज कराई थी।

पुलिस के अनुसार सिकंदरा थाना इलाके की रेणुका धाम कॉलोनी में मौजूद इस दम्पति के घर के बाथरूम का फ़र्श खोदने के बाद सुरेंद्र शर्मा (45) का शव बरामद किया गया।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अमीषा ने बताया कि शर्मा की कथित तौर पर हत्या उनकी पत्नी रूबी शर्मा ने की थी। उन्होंने बताया कि रूबी शर्मा ने अपने अपराध को छिपाने के लिए शव को कथित तौर पर बाथरूम के फ़र्श के नीचे दबा दिया और ऊपर से कंक्रीट डाल दिया।

उन्होंने बताया कि यह जानकारी तब सामने आयी जब पुलिस ने व्यक्ति के लापता होने की शिकायत के बाद रूबी शर्मा से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने कथित हत्या का पता लगाया और शव बरामद किया।

पुलिस ने बताया कि रूबी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए उससे पूछताछ की जा रही है।

पड़ोसी गौरव दीक्षित ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था। दीक्षित ने बताया कि भरतपुर के रहने वाले सुरेंद्र शर्मा पिछले नौ साल से अपने परिवार के साथ रेणुका धाम कॉलोनी में रह रहे थे। उन्होंने बताया कि पति के लापता होने के बाद पड़ोसियों ने कई बार रूबी शर्मा से उनके बारे में पूछा, लेकिन वह कथित तौर पर सवालों को हमेशा टालती रही।

भाषा सं आनन्द अमित

अमित

शीर्ष 5 समाचार