छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, अफवाहों से बचें : खाद्य सचिव

Ads

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, अफवाहों से बचें : खाद्य सचिव

  •  
  • Publish Date - May 14, 2026 / 09:54 PM IST,
    Updated On - May 14, 2026 / 09:54 PM IST

रायपुर, 14 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत राज्य के कुछ शहरों में पेट्रोल पंप पर लंबी कतारों की खबरों के बीच बृहस्पतिवार को सरकार ने स्पष्ट किया कि पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

उन्होंने बताया कि खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने स्पष्ट किया है कि ऑयल डिपो को नियमित रूप से आवश्यकतानुसार पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति हो रही है तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

खाद्य सचिव ने कहा है कि राज्य में फिलहाल कुल 2516 पेट्रोल/डीजल पंप चल रहे हैं तथा पेट्रोल का 45,474 किलोलीटर तथा डीजल का 84,654 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि पेट्रोल की दैनिक आवश्यकता 3,635 किलोलीटर तथा डीजल की दैनिक आवश्यकता 5,873 किलोलीटर है तथा आज विभिन्न ऑयल डिपो में 6,551 किलोलीटर पेट्रोल तथा 4,760 किलोलीटर डीजल प्राप्त हुआ है।

उन्होंने बताया कि रायपुर में कुल 326 पेट्रोल/डीजल पंप हैं, जिनमें से 35 पंप अस्थायी रूप से ‘ड्राई आउट’ हैं। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार बिलासपुर में कुल 156 पेट्रोल/डीजल पंप हैं, जिनमें से 13 पंप ‘ड्राई आउट’ हैं।

खाद्य सचिव ने कहा कि इन सभी ‘ड्राई आउट’ पंपों को यथाशीघ्र स्टॉक उपलब्ध कराने के लिए ऑयल कंपनियों के डिपो से लगातार आपूर्ति की जा रही है।

उन्होंने बताया कि विगत दो दिनों में कुछ पेट्रोल/डीजल पंपों के ‘ड्राई आउट’ होने के कारण अफवाह और घबराहट की स्थिति बनी, जिससे आम लोगों द्वारा पेट्रोल एवं डीजल की खपत में अप्रत्याशित वृद्धि दर्ज की गई, मांग में अचानक हुई इस वृद्धि के कारण कुछ स्थानों पर कृत्रिम अभाव की स्थिति पैदा हुई।

खाद्य सचिव ने स्पष्ट किया है कि राज्य में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अनुरोध किया कि वे किसी भी भ्रम अथवा अफवाह से प्रभावित होकर खरीददारी अथवा ईंधन का अनावश्यक संग्रहण न करें।

रायपुर सहित राज्य के कुछ हरों में पेट्रोल और डीजल की कमी की अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर बृहस्पतिवार को वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं।

रायपुर में कई पेट्रोल पंपों पर वाहन चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ा, जबकि कुछ पंपों ने भारी मांग के कारण मौजूदा स्टॉक खत्म होने पर अस्थायी रूप से काम बंद कर दिया।

पेट्रोल पंप संचालकों ने कहा है कि आपूर्ति व्यवस्था में कोई बाधा नहीं है और भीड़ का कारण ईंधन खत्म होने की अफवाहों से फैली घबराहट है।

भाषा संजीव राजकुमार

राजकुमार