छत्तीसगढ़ में सामने आये कोविड-19 के 66 नए मामले

Ads

छत्तीसगढ़ में सामने आये कोविड-19 के 66 नए मामले

  •  
  • Publish Date - October 4, 2022 / 12:24 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:58 PM IST

रायपुर, तीन अक्टूबर (भाषा) छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस से 66 और लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में सोमवार तक कोविड-19 की चपेट में आने वालों की कुल संख्या 11,76,447 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि आज तीन लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्रटी दी गई जबकि 94 लोगों ने घर में पृथकवास की अवधि पूरी की। उनके अनुसार राज्य में आज कोरोना वायरस के एक मरीज की मृत्यु हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को राज्य में संक्रमण दर 1.64 प्रतिशत है। उनके अनुसार प्रदेश भर में हुए चार हजार 19 नमूनों की जांच में 66 व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि आज जांजगीर-चांपा, गरियाबंद, बस्तर, बालोद और बलौदाबाजार से एक-एक, बलरामपुर और सरगुजा से दो-दो, सूरजपुर से तीन, नारायणपुर और राजनांदगांव से चार-चार, बिलासपुर से पांच, महासमुंद और बेमेतरा से आठ-आठ, दुर्ग से 10 और रायपुर से 15 कोरोना संक्रमित पाए गए।

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 11,76,447 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है, जिनमें से 11,61,929 मरीज इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हो गए हैं। उनके मुताबिक राज्य में 383 मरीज उपचाराधीन हैं। राज्य में वायरस से संक्रमित 14,135 लोगों की मौत हुई है।

भाषा संजीव संजीव राजकुमार

राजकुमार