छत्तीसगढ़ : सूरजपुर में जंगली हाथी के हमले में युवक की मौत

Ads

छत्तीसगढ़ : सूरजपुर में जंगली हाथी के हमले में युवक की मौत

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 05:12 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 05:12 PM IST

सूरजपुर, 16 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण युवक की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि सूरजपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत कोटबहरा गांव से सटे जंगल में जंगली हाथी के हमले में मारे गए युवक की पहचान केशव (28) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि कोटबहरा गांव निवासी केशव बुधवार शाम जब काम से घर लौट रहा था, तब एक जंगली हाथी ने उसे कुचलकर मार डाला।

अधिकारियों के मुताबिक, वन विभाग को घटना की जानकारी मिलने पर एक दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों को मुआवजा राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

अधिकारियों के अनुसार, सूरजपुर वन मंडल के प्रतापपुर और सूरजपुर वन परिक्षेत्र के सीमावर्ती इलाकों में हाथियों का दल मौजूद होने की जानकारी मिली है, जिसके मद्देनजर ग्रामीणों को जंगल में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

उधर, युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर स्थित कल्याणपुर चौक के करीब चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की।

ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप भी लगाया। क्षेत्र में वन विभाग और पुलिस के अधिकारी मौजूद हैं।

भाषा

सं संजीव पारुल

पारुल