अंबिकापुर: नगर निगम के कार्यालय भवन को लेकर जगह का चयन लगातार विवादों में रहा है। 2 बार जमीन को लेकर मतभेद होने के बाद अब निगम ने घड़ी चौक के पास धुआंधार पार्क वाले स्थान पर जमीन चिन्हांकित की है, जिसके लिए नगर निगम को 5 करोड़ की राशि भी आवंटित हो गई है। लेकिन अब इस जमीन पर भी कांग्रेस नेता और अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष आपत्ति जता रहे हैं।
अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष का कहना है कि पार्क का निर्माण हरियाली के लिए किया गया था और यहां बिल्डिंग का निर्माण करना सही नहीं रहेगा। इधर नगर निगम का कहना है कि बिल्डिंग के निर्माण को लेकर जमीन नहीं मिल पा रही यही कारण है कि धुआंधार पार्क के स्थान पर इसका निर्माण किया जाना है। हालांकि महापौर का कहना है कि जिस जगह पर पार्क है, वहां पर इससे बेहतर पार्क डेवलप किया जाएगा।