छत्तीसगढ़ के महासमुंद में रोपवे ट्रॉली हादसे में एक महिला की मौत, छह लोग घायल

Ads

छत्तीसगढ़ के महासमुंद में रोपवे ट्रॉली हादसे में एक महिला की मौत, छह लोग घायल

  •  
  • Publish Date - March 22, 2026 / 04:13 PM IST,
    Updated On - March 22, 2026 / 04:13 PM IST

(तस्वीर के साथ)

महासमुंद (छत्तीसगढ़), 22 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक पहाड़ी मंदिर से नीचे उतरते समय रोपवे ट्रॉली के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण एक महिला की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हुए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बागबाहरा की उपमंडल मजिस्ट्रेट नमिता मारकोले ने बताया कि हादसा सुबह करीब 10 बजे उस समय हुआ, जब पहाड़ी से सात यात्रियों को नीचे लाते समय ट्रॉली का केबल टूट गया।

इससे पहले ट्रॉली में आठ लोगों के सवार होने की सूचना दी गई थी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घटना पर दुख व्यक्त किया और इसकी विस्तृत जांच के आदेश दिए।

अधिकारियों के अनुसार ट्रॉली करीब 200 से 300 फुट की ऊंचाई से नीचे आ गिरी।

घटना नौ दिवसीय नवरात्रि उत्सव के दौरान बागबाहरा तहसील के खल्लारी (भीमखोज) गांव स्थित खल्लारी माता मंदिर में हुई।

लगभग 1,100 फुट की ऊंचाई पर स्थित इस पहाड़ी मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु आमतौर पर रोपवे सेवा का उपयोग करते हैं, जबकि करीब 900 सीढ़ियां चढ़कर भी मंदिर तक पहुंचा जा सकता है।

एसडीएम ने बताया कि रायपुर निवासी आयुषी सतकार (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति ऋषभ धवरे (29) और रिश्तेदार छायांश धवरे (16) समेत छह लोग घायल हो गए। अन्य घायलों की पहचान गोविंद स्वामी (47), नमिता स्वामी (48) और कुष्मिता स्वामी (10) तथा मानशवी गोदारिया (12) के रूप में हुई है।

घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से चार को बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद, करीब 10 यात्रियों को लेकर ऊपर जा रही एक अन्य ट्रॉली को तुरंत नीचे लाया गया। अधिकारियों ने बताया कि उसमें सवार यात्रियों को तेज झटका जरूर लगा, लेकिन किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महासमुंद जिले के खल्लारी माता मंदिर में हुई रोपवे दुर्घटना की सूचना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। दुर्घटना में एक श्रद्धालु के निधन के समाचार से मन व्यथित है। मेरी गहरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दुर्घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार हेतु आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। इस घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘खल्लारी माता से प्रार्थना है कि इस दुर्घटना में घायल सभी श्रद्धालुओं को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।’’

पिछले वर्ष राज्य के राजनांदगांव जिले में बमलेश्वरी देवी पहाड़ी मंदिर के पास रोपवे ट्रॉली के कम ऊंचाई से गिरने की घटना में एक भाजपा नेता घायल हो गए थे।

भाषा खारी शफीक

शफीक