दमोह। मध्यप्रदेश की दमोह लोकसभा सीट से सांसद और बीजेपी प्रत्याशी सांसद प्रहलाद पटेल के चुनाव कार्यलय में विवाद की खबर सामने आई है। चुनाव कार्यालय में मीडिया प्रभारियों के बीच ऐसा जमकर विवाद हुआ कि मारपीट तक की नौबत आ गई।
बताया जा रहा है कि चुनाव कार्यालय में मीडिया प्रभारियों मनीष तिवारी और एलएन वैष्णव के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बहस के चलते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट की नौबत आ गई और जमकर लात घूंसे चले। ऐसे में चुनाव कार्यालय में मौजूद पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मामला शांत कराया।
यह भी पढ़ें : मई की गर्मी से पहले ही इस शहर में पारा पहुंचा 47 पर, लोग बेहाल
इस विवाद की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दमोह भाजपा में गुटबाजी की चर्चाएं तेज हो गई हैं। बता दें कि इससे पहले प्रहलाद पटेल पर आचार संहिता का केस भी दर्ज हो चुका है। जबलपुर सांसद राकेश सिंह के नामांकन के दौरान तय लोगों से ज्यादा के कक्ष में घुस जाने के आरोप में प्रहलाद पटेल और अन्य सात बीजेपी नेताओं के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया गया था।