खंडवा। प्याज के दाम नहीं मिलने पर एक बार फिर आक्रोशित किसानों ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश के खंडवा में जमकर प्रदर्शन किया। नगर निगम चौराहे पर किसानों ने हजारों टन प्याज लाकर सड़क पर फेंक दिए। मुफ्त में प्याज लूटने वालों की भीड़ लग गई। किसानों ने कहा कि एक रुपए किलो प्याज बेच कर हमारी लागत भी नहीं निकल रही है। यही कारण है कि अब हम सड़क पर उतरकर सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे।
उधर सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने भी प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हमने किसानों से 8 रुपए प्रति किलो समर्थन मूल्य में प्याज खरीदा था लेकिन कमलनाथ सरकार किसान विरोधी है और फसल के सही दाम नहीं दिला पा रही है। खंडवा के नगर निगम चौराहे पर किसान आंदोलन प्याज के दाम को लेकर किया जा रहा है। किसानों को कृषि उपज मंडी में प्याज के सही दाम नहीं मिल रहे हैं। बाजार में आम लोगों तक प्याज के दाम 8-10 रुपए प्रति किलो बिक रहे हैं।
किसानों को जब प्याज के दाम नहीं मिले तो उन्होंने नगर निगम चौराहे पर लुटाना शुरू कर दिया। देखते-देखते भीड़ लग गई और शहरवासी मुफ्त में प्याज लेने के लिए दौड़ पड़े। किसानों का आरोप है कि सरकार उनको प्याज के सही दाम नहीं दिला पा रही है। यही कारण है कि उन्हें इस तरह प्रदर्शन करना पड़ रहा है। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार किसानों के साथ अपना रवैया नहीं बदलेगी तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : लोकसभा चुनाव के लिए प्रशासनिक तैयारियां शुरू, यहां से आई सेटेलाइट फोन की मांग
सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने भी आरोप लगाया कि सरकार समर्थन मूल्य पर उपज खरीदने में नाकाम साबित हो रही है । इस प्रदर्शन से बेखबर जिला प्रशासन द्वारा शीघ्र ही कृषि उपज मंडी के माध्यम से किसानों की उपज खरीदने के लिए प्रयास करेगी।