रायपुर। कांग्रेस लोकसभा चुनाव के मद्देनजर तैयारियों में जुट गई है। इसी को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया ने शनिवार को राजीव भवन में बैक टू बैक चार बैठक लिए। इन बैठकों में सबसे महत्वपूर्ण प्रदेश चुनाव अभियान समिति और चुनाव समिति की बैठक थी।
इस बैठक में पीएल पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा, मंत्री टीएस सिंहदेव समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में 11 लोकसभा के प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा हुई। लेकिन नामों पर सहमति नहीं बन पायी। अब सात मार्च को दिल्ली में बैठक होगी। इसके बाद ही नामों पर अंतिम मुहर लगेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने बताया कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए तैयार है। दो दिन की बैठक में सभी नेता-कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दे दी गई है।
यह भी पढ़ें : पाकिस्तान में हुआ विंग कमांडर अभिनंदन का मानसिक उत्पीड़न, मेडिकल चेकअप में पाए गए मेडिकली फिट
उन्होंने कहा कि प्रत्याशी चयन के लिए एक और बैठक होगी। वहीं प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि दो दिन में कई दौर की बैठक हुई। बैठक से एहसास हुआ कि कांग्रेस राज्य में 11 की 11 सीटें जीतने जा रही है। जिला-ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष की बैठक में राज्य सरकार के साठ दिनों के काम और योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।