दिल्ली हवाई अड्डे पर तीन भारतीय यात्रियों से सैन्य श्रेणी के 10 ड्रोन जब्त

Ads

दिल्ली हवाई अड्डे पर तीन भारतीय यात्रियों से सैन्य श्रेणी के 10 ड्रोन जब्त

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 04:01 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 04:01 PM IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) दिल्ली हवाई अड्डे पर तीन भारतीय यात्रियों की तलाशी लेने पर उनके पास से पेशेवर श्रेणी के 10 ड्रोन बरामद किए गए, जिनमें ‘‘थर्मल इमेजिंग’’ और ‘‘लेजर रेंज फाइंडर’’ लगे हुए थे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, 1.03 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के ये ड्रोन जिन यात्रियों से बरामद किए गए, वे 25 सितंबर को वियतनाम होते हुए हांगकांग से टर्मिनल-3 पहुंचे थे।

सीमाशुल्क अधिकारियों को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर उन्हें रोका गया।

बयान में कहा गया है कि सामान की बारीकी से जांच करने पर 10 ड्रोन और संबंधित अन्य उपकरण बरामद किए गए। जांच से पुष्टि हुई कि ड्रोन पेशेवर श्रेणी के हैं और उनमें ‘‘थर्मल इमेजिंग’’ और ‘‘लेजर रेंज फाइंडर’’ लगे थे।

बयान के अनुसार, इन्हें सैन्य या रक्षा श्रेणी के ‘यूएवी’ के रूप में आंका गया है जिनका नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) में पंजीकरण अनिवार्य है।

अधिकारियों ने बताया कि सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत यात्रियों को हिरासत में लिया गया और ड्रोन जब्त कर लिए गए हैं।

भाषा सुरभि अविनाश

अविनाश