दक्षिणपूर्वी दिल्ली में घर में आग लगने के बाद 10 लोगों को निकाला गया

Ads

दक्षिणपूर्वी दिल्ली में घर में आग लगने के बाद 10 लोगों को निकाला गया

  •  
  • Publish Date - March 31, 2026 / 10:00 PM IST,
    Updated On - March 31, 2026 / 10:00 PM IST

नयी दिल्ली, 31 मार्च (भाषा) दक्षिणपूर्वी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में मंगलवार को एक आवासीय इमारत की पहली मंजिल पर भीषण आग लगने के बाद पांच साल के बच्चे सहित दस लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि डीएफएस को मथुरा रोड पर एक गुरुद्वारे के पास तैमूर नगर के एक घर में शाम 5.14 बजे आग लगने की सूचना मिली।

अधिकारी ने बताया, ‘पहली मंजिल पर फंसे सभी दस लोगों- छह पुरुषों, तीन महिलाओं और पांच वर्षीय बच्चे को दमकल कर्मियों ने सुरक्षित निकाल लिया।’

उन्होंने कहा कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

अधिकारी ने कहा कि दमकल की छह गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं। उन्होंने कहा, ‘दमकल की पहली टीम शाम 5.25 बजे घटनास्थल पर पहुंची और इमारत की पहली मंजिल पर स्थित एक कमरे में रखे घरेलू सामान से आग की लपटें निकलती हुई पाईं। इस इमारत में भूतल और तीन ऊपरी मंजिलें हैं।’

उन्होंने बताया कि धुआं और आग के कारण सभी 10 लोग पहली मंजिल पर फंस गए थे।

अधिकारी ने बताया, ‘आग पर शाम करीब 5.35 बजे, यानी 10 मिनट के भीतर काबू पा लिया गया और अग्निशमन अभियान शाम 5.45 बजे तक समाप्त हो गया।’

उन्होंने कहा, ‘हम पूरे मामले और आग लगने के कारण की जांच कर रहे हैं।’

भाषा नोमान नोमान अविनाश

अविनाश