दिल्ली के चार जिलों में एसआईआर के तहत गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत वितरण पूरा
दिल्ली के चार जिलों में एसआईआर के तहत गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत वितरण पूरा
नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) दिल्ली के चार जिलों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए गणना प्रपत्रों का 100 प्रतिशत वितरण पूरा हो गया है। इसके साथ ही घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने का अभियान लगभग समाप्ति पर पहुंच गया है और अब बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) भरे हुए गणना प्रपत्र एकत्र करने तथा उनके डिजिटलीकरण पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) की ओर से बृहस्पतिवार को जारी स्थिति रिपोर्ट के अनुसार, पुरानी दिल्ली, नयी दिल्ली, उत्तर-पूर्व और दक्षिण जिले में सभी मतदाताओं तक गणना प्रपत्र पहुंचा दिए गए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, अब तक 1,44,44,600 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जो दिल्ली के 1.45 करोड़ मतदाताओं का 99.55 प्रतिशत है।
डिजिटलीकृत गणना प्रपत्र की संख्या बढ़कर 26,02,654 हो गई है, जिससे कुल मतदाताओं के लगभग 18 प्रतिशत गणना प्रपत्र का डिजिटलीकरण हो चुका है। वितरण अभियान लगभग पूरा होने के बाद निर्वाचन अधिकारियों को आने वाले दिनों में डिजिटलीकरण की गति तेज होने की उम्मीद है।
निर्वाचन आयोग ने बुधवार को दिल्ली में एसआईआर प्रक्रिया के कार्यक्रम में संशोधन किया था।
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, पहले 29 जुलाई तक समाप्त होने वाला बीएलओ का घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण एवं संग्रह अभियान अब आठ अगस्त तक जारी रहेगा।
मतदाता सूची का मसौदा 17 अगस्त को प्रकाशित किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची अब सात अक्टूबर के बजाय 19 अक्टूबर को प्रकाशित होगी।
इस बीच, दावे और आपत्तियां 17 अगस्त से 16 सितंबर तक दाखिल की जा सकेंगी और उनका निस्तारण 15 अक्टूबर तक किया जाएगा।
भाषा
शुभम वैभव
वैभव

Facebook


