भारतीय नौसेना को एक और एमएच-60आर सीहॉक हेलीकॉप्टर सौंपा गया: अमेरिकी दूतावास
भारतीय नौसेना को एक और एमएच-60आर सीहॉक हेलीकॉप्टर सौंपा गया: अमेरिकी दूतावास
नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) अमेरिकी दूतावास ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय नौसेना को एक और एमएच-60आर सीहॉक हेलीकॉप्टर सौंपा गया और दो अन्य की आपूर्ति जल्द की जाएगी। दूतावास ने कहा कि इससे पता चलता है कि दोनों देशों के बीच रक्षा साझेदारी ‘मजबूत हो रही है’।
‘एक्स’ पर यह जानकारी देते हुए दूतावास ने कहा, ‘‘एक और एमएच-60आर सीहॉक नौसैनिक हेलीकॉप्टर भारत पहुंच गया है। लॉकहीड मार्टिन द्वारा बनाया गया यह आधुनिक सुविधाओं वाला हेलीकॉप्टर पिछले हफ्ते कोच्चि में भारतीय नौसेना को सौंपा गया था। ऐसे दो और हेलीकॉप्टर इस हफ्ते आ रहे हैं। अमेरिका-भारत रक्षा साझेदारी को मजबूत होते देखकर खुशी हो रही है।’’
भारत ने फरवरी 2020 में 24 एमएच-60आर हेलीकॉप्टर खरीदने के लिए अमेरिका के साथ एक समझौता किया था।
एमएच-60आर सीहॉक, ब्लैकहॉक हेलीकॉप्टर का नौसेना संस्करण है।
लॉकहीड मार्टिन कॉर्पोरेशन द्वारा निर्मित, एमएच-60आर हर मौसम में काम करने वाला हेलीकॉप्टर है जिसे अत्याधुनिक उपकरणों और सेंसर के साथ कई तरह के मिशन में मदद करने के लिए डिजाइन किया गया है।
पहले तीन एमएच-60आर हेलीकॉप्टर 2021 में भारत को सौंपे गए थे।
भाषा संतोष माधव
माधव

Facebook


