प्रवेश पत्र न मिलने से 11 विद्यार्थी नहीं दे सके परीक्षा, निजी स्कूल के अधिकारियों पर मामला दर्ज
प्रवेश पत्र न मिलने से 11 विद्यार्थी नहीं दे सके परीक्षा, निजी स्कूल के अधिकारियों पर मामला दर्ज
गुरुग्राम, 19 फरवरी (भाषा) गुरुग्राम में कक्षा 10 के 11 विद्यार्थी कथित तौर पर प्रवेश पत्र नहीं मिलने के कारण केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की गणित परीक्षा में शामिल नहीं हो पाए, जिसके बाद एक निजी स्कूल के चार अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार संबद्धता विवाद के बीच सेक्टर 9बी स्थित एड्यूक्रेस्ट इंटरनेशनल स्कूल द्वारा कथित तौर पर प्रवेश पत्र उपलब्ध नहीं कराए जाने के कारण छात्र मंगलवार को परीक्षा नहीं दे सके।
न्यू कॉलोनी निवासी एक अभिभावक ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी बेटी का दाखिला ऐसे स्कूल में कराया था जिसे सीबीएसई से संबद्ध बताया गया था।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार को सेक्टर 9ए थाने में स्कूल के चेयरमैन विनय कटारिया, प्रधानाचार्य रिद्धिमा कटारिया, उप प्रधानाचार्य सिमर बत्रा, समन्वयक सोनिया और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।
इससे पहले, जिला उपायुक्त अजय कुमार ने 11 विद्यार्थियों के अपनी सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में शामिल न हो पाने के मामले में जांच के आदेश दिए।
विद्यार्थियों का आरोप है कि स्कूल ने उन्हें धोखा दिया, जिसकी सीबीएसई मान्यता केवल आठवीं कक्षा तक की ही थी।
मामला परीक्षा वाले दिन मंगलवार को सामने आया।
अभिभावकों ने पुलिस को बताया कि स्कूल ने वैध मान्यता के बिना ही बच्चों को कक्षाओं में दाखिला दिया।
जिला प्राथमिक शिक्षा कार्यालय की जांच में भी पाया गया कि स्कूल के पास नौवीं और दसवीं कक्षा के लिए सीबीएसई से अनुमति नहीं थी।
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल ने अलग-अलग बहाने बनाकर प्रवेश पत्र जारी करने में देरी की और यह जानते हुए भी कि छात्रों को प्रवेश नहीं मिलेगा, उन्हें परीक्षा केंद्र भेज दिया।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
उन्होंने कहा, ‘‘शिक्षा विभाग और बोर्ड अधिकारियों से भी जानकारी ली जाएगी, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।’’
भाषा खारी माधव
माधव

Facebook


