गुजरात के सरकारी आवासीय विद्यालय में संदिग्ध खाद्य विषाक्तता से 147 छात्राएं बीमार
गुजरात के सरकारी आवासीय विद्यालय में संदिग्ध खाद्य विषाक्तता से 147 छात्राएं बीमार
सुरेंद्रनगर, 17 जुलाई (भाषा) गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के एक सरकारी आवासीय विद्यालय की कम से कम 147 छात्राएं शुक्रवार को संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के कारण बीमार पड़ गईं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 102 छात्राओं का चूड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज चल रहा है, जबकि 45 छात्राओं को सुरेन्द्रनगर के दो अस्पतालों में रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि सभी छात्राओं की हालत स्थिर है।
मुख्य जिला चिकित्सा अधिकारी (सीडीएचओ) बी जी गोहिल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) की 215 छात्राओं में से 147 छात्राएं संदिग्ध खाद्य विषाक्तता के कारण बीमार पड़ गईं जिससे उन्हें आज सुबह पेट दर्द, दस्त और उल्टी की शिकायत हुई।’
गोहिल के अनुसार, छात्राओं ने बृहस्पतिवार रात छात्रावास में रात के भोजन में सब्जी, भाखरी (गेहूं की रोटी), खिचड़ी और खीर खाई थी। मामले की जांच के लिए भोजन के नमूने एकत्र कर विश्लेषण के लिए भेजे गए हैं।
घटना के बाद लिंबडी के विधायक किरीटसिंह राणा ने अस्पताल का दौरा किया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘मैंने जिलाधिकारी और प्रांत अधिकारी से बात की है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। मामले की गहन जांच कराई जाएगी। यदि छात्रावास में भोजन तैयार करने वाली एजेंसी की कोई लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।’
उन्होंने कहा कि फिलहाल प्राथमिकता सभी प्रभावित छात्राओं को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ को सुनिश्चित करना है।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश

Facebook


