नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) पश्चिम दिल्ली के तिलक नगर इलाके में क्रिकेट खेलने को लेकर तीन नाबालिगों में हुए झगड़े में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि स्थानीय पार्क में क्रिकेट खेलने को लेकर 12 वर्षीय लड़के और 15 वर्षीय पीड़ित के बीच बहस हुई।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “ दोनों के बीच बहस के चलते हाथापाई होने लगी। इसके बाद 12 वर्षीय लड़का अपने घर चला गया जहां उसने अपने 17 और 12 वर्षीय रिश्ते के भाइयों को घटना के बारे में जानकारी दी। इसके बाद तीनों किशोर पीड़ित की तलाश में निकल पड़े।”
उन्होंने बताया कि शाम सात बजकर करीब 22 मिनट पर उन्हें 15 वर्षीय लड़का मिल गया और उनके बीच मारपीट हुई जिसमें पीड़ित के गले और सिर पर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया।
पुलिस के मुताबिक, स्थानीय लोग और परिवार के सदस्य उसे दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) अस्पताल लेकर गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
अधिकारी ने बताया, “ हमने इस बाबत तिलक नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है और सभी तीनों नाबालिगों को पकड़ लिया है। मामले में किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है ।”
पीड़ित के तीन भाई हैं। उसके पिता की इलाके में ही चाय की दुकान है।
अधिकारी ने बताया कि लड़के के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है जिसकी रिपोर्ट आने पर मौत के सटीक कारण का पता चलेगा।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश