नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) नागर विमानन मंत्रालय ने सोमवार को राज्यसभा को बताया कि पिछले पांच साल में गैर-अनुसूचित परिचालकों के विमानों और हेलीकॉप्टरों से जुड़ी 17 दुर्घटनाएं हुईं।
इन 17 दुर्घटनाओं में 12 दुर्घटनाएं हेलीकॉप्टर से जुड़ी थीं।
नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने एक सवाल के लिखित जवाब में कहा कि 2025 में निजी (चार्टर) विमान परिचालकों से जुड़े सुरक्षा उल्लंघन के 46 मामले दर्ज किए गए, जबकि पिछले पांच साल में ऐसे उल्लंघनों की कुल संख्या 116 रही।
मंत्री द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार, पिछले पांच वर्ष में निजी विमान परिचालकों से जुड़ी आठ घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें से दो पिछले साल हुईं।
नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की सुरक्षा निगरानी प्रक्रिया में नियामक लेखापरीक्षा, रात्रि निगरानी, विशेष लेखापरीक्षा शामिल हैं।
उन्होंने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि वार्षिक निगरानी योजना 2026 के अतिरिक्त, डीजीसीए ने सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने के लिए फरवरी और मार्च 2026 में 29 गैर-अनुसूचित परिचालकों का विशेष ऑडिट किया है।
भाषा अविनाश दिलीप
दिलीप