भुवनेश्वर, 30 मार्च (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को राज्य विधानसभा को बताया कि जून 2025 से इस वर्ष 22 मार्च तक राज्य में विभिन्न कारणों से 7.68 लाख मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए।
बीजू जनता दल (बीजद) विधायक रणेंद्र प्रताप स्वैन के एक लिखित प्रश्न का उत्तर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवधि के दौरान मतदाता सूची से 2,03,396 मृत व्यक्तियों के नाम हटाए गए।
उन्होंने कहा कि इसी तरह, 4,08,132 मतदाताओं के नाम उनके स्थानांतरण के कारण सूची से हटा दिए गए और 1,54,318 मतदाताओं के नाम इसलिए हटा दिए गए क्योंकि उनके नाम एक से अधिक स्थानों पर थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्य कारणों से 2,646 मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए।
माझी ने बताया कि इस अवधि के दौरान 5,67,034 लोगों ने मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन किया।
भाषा आशीष अमित
अमित