इंफाल, सात अप्रैल (भाषा) मणिपुर के गृह मंत्री गोविंदास कांथौजम ने मंगलवार को कहा कि बिष्णुपुर जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) शिविर पर भीड़ द्वारा धावा बोले जाने के बाद गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए।
कोंथौजम ने बताया कि मोइरांग ट्रोंग्लाओबी इलाके में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा किए गए बम हमले में दो बच्चों की मौत के विरोध में बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं ने प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने बम हमले वाली जगह से कुछ ही सौ मीटर दूर गेलमोल के पास स्थित सीआरपीएफ शिविर पर धावा बोल दिया, वहां वाहनों को जलाया और संपत्तियों में तोड़फोड़ की।
मंत्री ने कहा, “मैंने प्रदर्शनकारियों से सीआरपीएफ शिविर में प्रवेश नहीं करने और सुरक्षा बलों को बम हमले में शामिल लोगों को पकड़ने के अभियान पर ध्यान केंद्रित करने देने का आग्रह किया था। लेकिन प्रदर्शनकारियों ने मेरी अपील पर ध्यान नहीं दिया।’’
राज्य के गृह मंत्री ने कहा, “उन्होंने सीआरपीएफ शिविर पर धावा बोल दिया, वाहनों को जला दिया और शिविर के कुछ हिस्सों में तोड़फोड़ की, जिसके कारण सुरक्षाकर्मियों को गोलीबारी करनी पड़ी। उन्होंने या तो आत्मरक्षा में या गुस्से में गोली चलाई। दुर्भाग्य से, गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गोली लगने से घायल हो गए।”
भाषा अमित दिलीप
दिलीप