रोहिणी में आवासीय इमारत में आग लगने के बाद 23 लोगों को निकाला गया

Ads

रोहिणी में आवासीय इमारत में आग लगने के बाद 23 लोगों को निकाला गया

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 02:56 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 02:56 PM IST

नयी दिल्ली, 26 मई (भाषा) दिल्ली के रोहिणी इलाके में चार मंजिला आवासीय इमारत में मंगलवार सुबह आग लगने के बाद 23 लोगों को बचा लिया गया, जबकि दो लोग घायल हो गए। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने यह जानकारी दी।

घटना के कुछ दृश्य सामने आए हैं जिनमें दिख रहा है कि घने धुएं के बीच बालकनी में लोग फंसे हुए हैं और दमकल कर्मी सीढ़ियों का उपयोग करके बचाव अभियान चला रहे हैं।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) ने बताया कि उसे विजय विहार फेज-2 में श्मशान घाट रोड पर स्थित एक इमारत में आग लगने की सूचना सुबह सात बजकर छह मिनट पर मिली।

डीएफएस के एक अधिकारी ने बताया कि आग इमारत के भूतल पर लगी, जहां बिजली के 18 मीटर और तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल समेत छह वाहन आग की चपेट में आ गए।

आग लगने से लोगों में दहशत फैल गई क्योंकि घना धुआं पूरी इमारत में तेजी से फैल गया, जिससे कई लोग अपने घरों और बालकनी में फंस गए।

घटनास्थल के एक वीडियो में, धुएं और आग की लपटों से मची अफरा-तफरी के बीच दूसरी मंजिल की बालकनी पर खड़ा एक व्यक्ति रस्सी की मदद से नीचे उतरने की कोशिश करता दिखाई दिया। हालांकि, अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने उसे रुकने के लिए कहा और उसे सुरक्षित रूप से निकाल लेने का आश्वासन दिया।

बाद में दमकलकर्मियों ने इमारत पर सीढ़ी लगाई और बालकनी में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित निकाल लिया।

अन्य वीडियो में आग लगने वाले क्षेत्र से लगातार चिंगारियां निकलती हुई दिखाई दे रही है, जबकि भूतल पर जहां बिजली के मीटर लगे थे वहां से आग की लपटें और घना धुआं निकलता दिख रहा है।

दहशत में आए लोग मदद के लिए चिल्ला रहे थे, जबकि दमकलकर्मी निकासी और आग बुझाने का अभियान एक साथ चला रहे थे।

सुबह आठ बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। अग्निशमन विभाग ने बताया कि दमकलकर्मियों ने 22 लोगों को बचाया, जबकि एक व्यक्ति को अग्निशमन विभाग के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने बचा लिया था।

इस घटना में दो लोग घायल हो गए और उन्हें इलाज के लिए जयपुर गोल्डन अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

आग लगने का सटीक कारण अब तक पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आग भूतल पर वहां लगी जहां बिजली के मीटर लगे थे।

भाषा नोमान नोमान सिम्मी

सिम्मी