नयी दिल्ली, 16 अगस्त (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर राजधानी में 25 अटल कैंटीन का उद्घाटन किया।
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), लोकनायक अस्पताल (एलएनजेपी) सहित अस्पतालों के बाहर तथा जनकपुरी, विकासपुरी और शहर के अन्य हिस्सों की झुग्गी बस्तियों में स्थित कैंटीनों का उद्घाटन रिमोट कंट्रोल के माध्यम से किया गया।
गुप्ता ने कहा कि सात-आठ महीनों के भीतर दिल्ली सरकार ने 100 अटल कैंटीन शुरू की हैं, जो झुग्गी-बस्ती में रहने वालों, दिहाड़ी मजदूरों, निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और अन्य जरूरतमंद लोगों समेत एक लाख लोगों को रोजाना पांच रुपये प्रति प्लेट की दर से खाना उपलब्ध कराती हैं।
उन्होंने कहा कि ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत के तहत सरकार का लक्ष्य एक साल में 3.65 करोड़ लोगों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है।
उद्घाटन कार्यक्रम में वेंकैया नायडू ने इस पहल को गरीबों, झुग्गीवासियों, श्रमिकों और रोजगार की तलाश में दिल्ली आने वाले लोगों को सस्ता और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में सराहनीय कदम बताया।
उन्होंने वाजपेयी की पुण्यतिथि पर 100 अटल कैंटीन शुरू करने का लक्ष्य पूरा करने के लिए दिल्ली सरकार को बधाई दी।
रेखा गुप्ता ने कहा कि अटल कैंटीन योजना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जनसेवा के आदर्शों को समर्पित है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राष्ट्रीय राजधानी में कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश