धुबरी जिला जेल में बंद 25 बांग्लादेशी नागरिक रिहा किए गए

Ads

धुबरी जिला जेल में बंद 25 बांग्लादेशी नागरिक रिहा किए गए

  •  
  • Publish Date - September 2, 2020 / 01:12 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:14 PM IST

धुबरी, दो सितंबर (भाषा) असम के धुबरी जिला जेल में बंद 25 बांग्लादेशी नागरिकों को रिहा कर दिया गया और बुधवार को उन्हें उनके देश वापस भेज दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

वे सभी वीजा की शर्तों को तोड़ने के लिए तीन मई से ही न्यायिक हिरासत में थे।

धुबरी जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि बांग्लादेशियों को पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले में चेंग्राबांधा चौकी से वापस भेजा गया था।

धुबरी जिले के बिलासीपारा सब डिवीजन कोर्ट ने शनिवार को 25 बांग्लादेशियों की रिहाई के संबंध में एक आदेश दिया था।

अधिकारी ने कहा कि बांग्लादेश द्वारा किए गए एक अनुरोध के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला वापस लेने का फैसला किया और बाद में अदालत ने उनकी रिहाई का आदेश दिया।

बांग्लादेश से 26 लोग पर्यटक वीजा पर भारत आए थे जिनमें से एक व्यक्ति की एक जुलाई को मौत हो गई।

भाषा शुभांशि नरेश

नरेश