गुजरात में हुई मूसलाधार वर्षा, जूनागढ़ में जलभराव, राज्य में और वर्षा होने की संभावना

Ads

गुजरात में हुई मूसलाधार वर्षा, जूनागढ़ में जलभराव, राज्य में और वर्षा होने की संभावना

  •  
  • Publish Date - July 2, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - July 2, 2026 / 10:33 PM IST

अहमदाबाद, दो जुलाई (भाषा) गुजरात के कई जिलों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश हुई तथा जूनागढ़ में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गयी, जबकि अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग खुले नालों में गिर गए, हालांकि वे बाल-बाल बच गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण गुजरात में ज़्यादातर जगहों पर, सौराष्ट्र क्षेत्र में कई स्थानों पर और उत्तर गुजरात में कुछ जगहों पर बारिश हुई।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को और बारिश होने का अनुमान जताया है।

आईएमडी ने कहा, ‘‘तीन जुलाई को सुबह 8.30 बजे से दक्षिण गुजरात के सूरत, नवसारी एवं वलसाड जिलों में, सौराष्ट्र के अमरेली और भावनगर जिलों में तथा दमन, दादरा एवं नगर हवेली में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।’’

विभाग ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून गुजरात में और आगे बढ़ गया है, लेकिन अभी तक पूरे राज्य में नहीं फैला है।

आईएमडी ने छह जुलाई की सुबह 8:30 बजे तक के अपने पूर्वानुमान में दक्षिण गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है।

राज्य आपात परिचालन केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम छह बजे तक जूनागढ़ के मांगरोल में सबसे ज़्यादा 245 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि ज़िले के केशोद तालुक में 242 मिलीमीटर और मानवदार तालुक में 213 मिलीमीटर बारिश हुई।

जूनागढ़ में बारिश के पानी की वजह से कई हादसे हुए। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में आजाद चौक के पास पानी से भरी सड़क पर मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग एक खुले नाले में गिरते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह नाला बाढ़ के पानी के नीचे पूरी तरह ढ़का नजर आ रहा है।

जूनागढ़ की एक अलग घटना में, सड़क पर बच्चे के साथ जा रही एक महिला का पैर गलती से पानी की गहराई का अंदाज़ा न लगा पाने के कारण एक खुले नाले में पड़ गया। वह फिसलकर नाले में गिर गई। इन घटनाओं में तीनों बच गए।

शाम छह बजे तक गिर सोमनाथ जिले के सूत्रपाड़ा में 183 मिमी तक बारिश हुई। जूनागढ़ के मालिया हतिना में 179 मिमी, जामनगर के जामजोधपुर में 158 मिमी, गिर सोमनाथ के पाटन वेरावल में 145 मिमी और पोरबंदर के कुटियाना में 131 मिमी में बारिश दर्ज की गई।

शाम छह बजे तक सूरत के ओलपाड में 94 मिमी बारिश हुई। राजकोट के उपलेटा में 88 मिमी और वडोदरा के सिनोर में 75 मिमी बारिश हुई।

भाषा राजकुमार सुरेश

सुरेश