पणजी, 27 फरवरी (भाषा) केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ (एनएमबीए) की शुरुआत के बाद से अब तक 25 करोड़ लोग जुड़ चुके हैं।
केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री ने पणजी के पास सेंट क्रूज गांव में अभियान से जुड़े एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नशा मुक्ति की इस राष्ट्रीय पहल को 2020 में शुरू किया गया था। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों समेत 16 लाख स्थानों पर इसे संचालित किया गया।
उन्होंने कहा, “हमने नौ करोड़ युवाओं और छह करोड़ महिलाओं समेत 25 करोड़ लोगों को जागरुक किया।”
उन्होंने बताया कि पतंजलि योग, ब्रह्मकुमारी और आर्ट ऑफ लिविंग जैसी संस्थाएं इस मिशन से जुड़ी हुई हैं।
मंत्री ने कहा कि ब्रह्मकुमारियों ने स्वयं नशामुक्त भारत का संदेश 60 लाख लोगों तक पहुंचाया है।
एक नशामुक्ति केंद्र के अपने दौरे को याद करते हुए कुमार ने कहा कि वे वहां एमबीबीएस, इंजीनियरिंग और एमबीए के छात्रों को देखकर स्तब्ध रह गए।
उन्होंने कहा, ‘मैंने उनसे पूछा कि वे इसकी गिरफ्त में कैसे आ गए। उन्होंने बताया कि साथियों के दबाव के कारण वे नशे की लत का शिकार हो गए।’
मंत्री ने बताया कि जब उनसे माता-पिता पर नशे की लत के मानसिक और भावनात्मक प्रभाव के बारे में पूछा गया तो वे रो पड़े। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह अभियान देश के हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश