नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) विभिन्न मुद्दों पर विपक्ष की आलोचना का सामना कर रहे निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को कहा कि उसने चुनाव प्रणाली को मजबूत करने के लिए पिछले छह महीनों में 28 पहल की हैं।
आयोग ने एक बयान में कहा कि उसने सभी हितधारकों के साथ मिलकर चुनाव प्रणाली को मजबूत और स्वच्छ बनाया है, प्रौद्योगिकी का उपयोग बढ़ाया है, मतदाता सूची को शुद्ध किया है तथा मतदाताओं के लिए मतदान के अनुभव को आसान बनाया है।
इसने बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को एक महत्वपूर्ण सुधार बताया।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए और कोई भी अपात्र नाम मतदाता सूची में न रहे।
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एसआईआर प्रक्रिया को विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से कड़े विरोध का सामना करना पड़ रहा है जिनका कहना है कि इस कदम से करोड़ों पात्र नागरिक दस्तावेजों के अभाव में मतदान के अपने अधिकार से वंचित हो जाएंगे।
निर्वाचन आयोग ने कहा कि मृत्यु-पंजीकरण डेटा को जोड़ने से यह सुनिश्चित होगा कि क्षेत्रीय चुनाव मशीनरी को पंजीकृत मौतों के बारे में समय पर जानकारी मिले।
भाषा नेत्रपाल नरेश
नरेश