राजस्थान में खुले बाजार में बेचने के लिए ले जाया जा रहा 3,000 किलोग्राम सरकारी दूध पाउडर जब्त

राजस्थान में खुले बाजार में बेचने के लिए ले जाया जा रहा 3,000 किलोग्राम सरकारी दूध पाउडर जब्त

राजस्थान में खुले बाजार में बेचने के लिए ले जाया जा रहा 3,000 किलोग्राम सरकारी दूध पाउडर जब्त
Modified Date: July 30, 2026 / 07:31 pm IST
Published Date: July 30, 2026 7:31 pm IST

जयपुर, 30 जुलाई (भाषा) राजस्थान की पन्नाधाय बाल गोपाल योजना के तहत स्कूली बच्चों में वितरण के लिए भेजे गए करीब 3,000 किलोग्राम सरकारी दूध पाउडर को जयपुर जिले में पुलिस ने एक कार्रवाई के दौरान जब्त किया। इस खेप को खुले बाजार में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने चौमूं उपखंड के चिथवाड़ी गांव में छापेमारी कर दूध पाउडर से लदी एक पिकअप गाड़ी को रोककर यह कार्रवाई की। मौके से पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में इस कथित अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान होने की उम्मीद है।

पुलिस के अनुसार, यह दूध पाउडर मध्याह्न भोजन कार्यक्रम के तहत सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों में वितरण के लिए था, लेकिन इसे कथित तौर पर अवैध रूप से खुले बाजार में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।

इस मामले में राजस्थान सहकारी डेरी फेडरेशन (आरसीडीएफ) ने सामोद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा स्कूली बच्चों के पोषण के लिए शुरू की गई इस कल्याणकारी योजना की सुरक्षा करने में विफल रही है।

गहलोत ने दावा किया कि सरकारी विद्यालयों के बच्चों को अप्रैल से दूध नहीं मिल रहा है, जबकि इसकी आपूर्ति खुले बाजार में बेची जा रही है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने पूरे नेटवर्क की उच्चस्तरीय जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा सभी सरकारी विद्यालयों में नियमित रूप से दूध की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

भाषा बाकोलिया शफीक

शफीक


लेखक के बारे में