त्रिशूर, 28 जून (भाषा) केरल के त्रिशूर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की बरामदगी के दो मामलों में दो महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 308 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ ‘एमडीएमए’ जब्त किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई शुक्रवार रात को शुरू हुई, जब पीची पुलिस थाने के जवानों ने वनियमपारा में वाहन जांच चौकी पर एक कार को रोका। उन्होंने बताया कि कार में सवार चार लोगों का व्यवहार संदिग्ध लगने पर पुलिस ने उनकी गहन तलाशी ली। उन्होंने बताया कि इस दौरान कार में सवार दो महिलाओं के पास से दो ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों की पहचान कक्कास्सेरी निवासी शिफाज (26), नेनमेनी निवासी विद्या (28), अट्टायूर निवासी जिष्णु (27) और नंबाझिकाड निवासी श्रीलक्ष्मी (20) के रूप में हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की सूचना जिला मादक पदार्थ रोधी विशेष कार्य बल (डीएएनएसएफ) को दी गई।
पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि शिफाज ने इन मादक पदार्थों की व्यवस्था की थी। इसके बाद पवरत्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित उसके घर पर छापेमारी की गई, जहां से 13 ग्राम एमडीएमए और बरामद हुआ।
पुलिस ने बताया कि जांच में पुलिस को पता चला कि शिफाज के दोस्त सुमेश ने उसके घर से भारी मात्रा में मादक पदार्थ हटाकर कहीं और छुपा दिया है। पुलिस ने सुमेश का सुराग लगाते हुए उसके दो साथियों शबीर पी ए (37) और चावक्काड निवासी अनसाद (33) की पहचान की।
पुलिस ने बाद में इस मामले के संबंध में सुमेश (25) को भी गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों ने बताया कि इन दोनों मामलों में कुल 308 ग्राम एमडीएमए जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 15 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस ने रविवार को सभी सात आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
भाषा
सुमित देवेंद्र
देवेंद्र