अहमदाबाद, 28 जून (भाषा) अहमदाबाद हवाई अड्डे पर रविवार को 20-वर्षीय एक युवक को 10.91 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया, जिसकी कीमत लगभग 10 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आरोपी बैंकॉक से आया था और उसने मादक पदार्थ अपने सामान में छिपाकर रखा था।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘यात्री के सामान की जांच के दौरान, एक खोजी कुत्ते ने मादक पदार्थों की मौजूदगी का संकेत दिया। सामान के टैग के आधार पर, अहमदाबाद सीमा शुल्क विभाग की हवाई खुफिया इकाई (एआईयू) के अधिकारियों ने बैंकॉक से आए यात्री की पहचान की और उसे रोका।’’
अहमदाबाद सीमा शुल्क के अतिरिक्त आयुक्त एस.आर. विश्नोई ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गिरफ्तार यात्री की पहचान गुजरात के जूनागढ़ जिले के रहने वाले इब्राहिम सैफुल्ला (20) के तौर पर हुई है।
विज्ञप्ति के अनुसार, यात्री के ट्रॉली बैग की बारीकी से जांच करने पर चांदी के रंग के पांच पॉलीथीन पैकेट मिले, जिनमें हरे रंग का मादक पदार्थ था।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश