पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत विजयी प्रत्याशियों को 50 प्रतिशत से कम वोट मिले:एडीआर

Ads

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत विजयी प्रत्याशियों को 50 प्रतिशत से कम वोट मिले:एडीआर

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 05:19 PM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 05:19 PM IST

नयी दिल्ली, 28 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल में इस बार के विधानसभा चुनाव में जीतने वाले लगभग 40 प्रतिशत उम्मीदवारों ने अपने निर्वाचन क्षेत्रों में 50 प्रतिशत से कम वोट प्राप्त करके जीत हासिल की। ‘एसोसिएशन फोर डेमोक्रेटिक रिफार्म्स’ (एडीआर) और ‘वेस्ट बंगाल इलेक्शन वाच’ ने अपनी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।

रिपोर्ट में 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा की फाल्टा सीट को छोड़कर 293 निर्वाचन क्षेत्रों के परिणामों का विश्लेषण किया गया। इसमें कहा गया है कि चुनाव में मतदान प्रतिशत 93.7 रहा, जो 2021 के विधानसभा चुनाव में दर्ज 82.3 प्रतिशत से काफी अधिक है।

निष्कर्षों के अनुसार, विजयी उम्मीदवारों को कुल डाले गए वोटों का औसतन 50.43 प्रतिशत प्राप्त हुआ, जो 2021 के चुनाव में दर्ज किए गए 50.16 प्रतिशत औसत से थोड़ा अधिक है। कुल 175 उम्मीदवारों (60 प्रतिशत) ने अपने निर्वाचन क्षेत्रों में 50 प्रतिशत से अधिक वोट प्राप्त करके जीत हासिल की, जबकि 118 प्रत्याशी (40 प्रतिशत) आधे से कम वोट प्राप्त करके विजयी बने।

रिपोर्ट में कहा गया है कि विजेता औसतन कुल पंजीकृत मतदाताओं के 47.20 प्रतिशत का प्रतिनिधित्व करते हैं जो 2021 के विधानसभा चुनाव में 41.29 प्रतिशत से अधिक है।

एडीआर के विश्लेषण में चुनावी प्रदर्शन और उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि के बीच संबंध का भी अध्ययन किया गया।

जिन 191 विजयी उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज थे, उनमें से 121 (63 प्रतिशत) ने 50 प्रतिशत या उससे अधिक मतों के साथ जीत हासिल की और इनमें से 107 उम्मीदवारों ने बेदाग पृष्ठभूमि वाले प्रत्याशियों को हराया। दूसरी ओर, बेदाग पृष्ठभूमि वाले 102 उम्मीदवारों में से 51 ने ऐसे प्रत्याशियों को हराया जिनके विरूद्ध आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इसी प्रकार, 179 करोड़पति विजेताओं में से 62 ने गैर-करोड़पति प्रत्याशियों के खिलाफ जीत हासिल की।

रिपोर्ट में महिला उम्मीदवारों के प्रदर्शन का भी विश्लेषण किया गया। अध्ययन में शामिल 293 विजेताओं में से 37 महिलाएं थीं, जिनमें से सभी को 35 प्रतिशत से अधिक वोट मिले। डबग्राम-फुलबारी से भाजपा की शिखा चटर्जी ने महिला विजेताओं में सबसे अधिक 66 प्रतिशत वोट हासिल किए और उनकी जीत का अंतर 39 प्रतिशत रहा।

पश्चिम बंगाल में चार मई को विधानसभा चुनाव के परिणाम की घोषणा हुई थी।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश