दिल्ली में प्रतिबंधित चीनी मांझे की 424 चरखियां बरामद, आरोपी गिरफ्तार

Ads

दिल्ली में प्रतिबंधित चीनी मांझे की 424 चरखियां बरामद, आरोपी गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - July 30, 2026 / 03:45 PM IST,
    Updated On - July 30, 2026 / 03:45 PM IST

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने नबी करीम इलाके में 24 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से प्रतिबंधित चीनी मांझे की 424 चरखियां बरामद की हैं। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान नबी करीम निवासी वसीम राजा के तौर पर हुई है। चीनी मांझे के भंडारण को लेकर गुप्त सूचना मिलने पर उसे गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जब वह एक थैले में चीनी मांझे की चार चरखियां लेकर जा रहा था तब पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने उस जगह के बारे में जानकारी दी जहां भारी संख्या में चीनी मांझे की चरखियां रखी थी।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “उसकी निशानदेही पर पुलिस की एक टीम लक्ष्मण पुरी स्थित एक परिसर पहुंची और सात कार्टन बरामद किए जिनमें चीनी मांझे की 424 चरखियां रखी थीं। ”

इस बाबत नबी करीम थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

चीनी मांझा नायलॉन से बना होता है जो आसानी टूटता नहीं है जबकि पतंग उड़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाला परांपरिक मांझा सूती होता है और यह डोर आसानी से टूट जाती है।

पुलिस ने कहा कि चीनी मांझे से होने वाली घातक दुर्घटनाओं के मद्देनजर इसके अवैध व्यापार के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है।

अधिकारी ने कहा कि जांच खरीद के स्रोत, आपूर्ति श्रृंखला और अवैध व्यापार में शामिल अन्य व्यक्तियों की पहचान करने पर केंद्रित है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश