गोरखपुर BRD मेडिकल कॉलेज में फिर 61 बच्चों की मौत

Ads

गोरखपुर BRD मेडिकल कॉलेज में फिर 61 बच्चों की मौत

  •  
  • Publish Date - August 30, 2017 / 05:50 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:15 PM IST

 

यूपी के गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 72 घंटों में 61 बच्चों ने दम तोड़ दिया. इनमें से 42 बच्चों की मौत पिछले 48 घंटों के दौरान हुई. अस्पताल अधिकारियों के मुताबिक, 27, 28 और 29 अगस्त को अस्पताल में 61 बच्चों की मौत हुई. इनमें इंसेफलाइटिस वार्ड में 11 बच्चों, नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष में 25, शिशु चिकित्सा वार्ड में 25 बच्चों की मौत हुई. अधिकारियों के मुताबिक, ये बच्चे इंसेफलाइटिस के अलावा नवजात बच्चों को होने वाली न्यूमोनिया, सेप्सिस जैसी बीमारियों से पीड़ित थे.

उन्होंने बताया कि आसपास के इलाके के लोग अपने बच्चों को अति गंभीर होने पर इलाज के लिए इसी अस्पताल में लेकर आते हैं. इस वजह से अस्पताल पर भी काफी दबाव रहता है. वहीं स्थानीय डॉक्टरों के मुताबिक, गोरखपुर और इसके आसपास के इलाकों में भारी बारिश और बाढ़ को देखते हुए आने वाले दिनों में इंसेफलाइटिस का प्रकोप बढ़ने की आशंका है.

गौरतलब है कि इस महीने की शुरुआत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इंसेफलाइटिस से पीड़ित 60 से ज्यादा बच्चों की मौत का मामला सामने आया था. इस मामले में ऑक्सीजन की कमी से दर्जनों बच्चों की मौत के आरोप लगे थे. इस मामले में विपक्षी पार्टियों ने राज्य सरकार पर जमकर हल्ला बोला था, हालांकि यूपी सरकार ने ऑक्सीजन की कमी से इनकार किया था.