झारखंड में बस पलटने से सात यात्रियों की मौत

झारखंड में बस पलटने से सात यात्रियों की मौत

झारखंड में बस पलटने से सात यात्रियों की मौत
Modified Date: November 21, 2024 / 12:30 pm IST
Published Date: November 21, 2024 12:30 pm IST

(फोटो के साथ)

हजारीबाग (झारखंड), 21 नवंबर (भाषा) झारखंड के हजारीबाग जिले में बृहस्पतिवार को पटना जा रही एक बस के पलट जाने से उसमें सवार कम से कम सात यात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर गोरहर थाना क्षेत्र के पास हुई। बस एक तीव्र घुमावदाड़ मोड़ पर मुड़ते समय पलट गई।

हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरविंद कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बस में कुछ और लोगों के फंसे होने की आशंका है।’’

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के समय बस में लगभग 50 यात्री सवार थे। बस कोलकाता से पटना जा रही थी।

बस में सवार एक यात्री मोतीचंद प्रसाद ने बताया कि उनकी पत्नी राजकुमारी प्रसाद की इस दुर्घटना में मौत हो गई।

बिहार के गोपालगंज निवासी प्रसाद ने कहा, ‘‘सुबह जब यह दुर्घटना हुई तब हम सो रहे थे। हम बुधवार को कोलकाता से बिहार के लिए बस में सवार हुए थे।’’

बिहारशरीफ निवासी एक अन्य यात्री गणेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब छह बजे हुई।

कुमार ने बताया, ‘‘बस में करीब 50 यात्री सवार थे। जैसे ही चालक एक तीव्र घुमावदार मोड़ पर पहुंचा, उसने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई।’’

मौके पर मौजूद एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों में से करीब 10 की हालत गंभीर है।

भाषा सुरभि नरेश

नरेश


लेखक के बारे में