राजस्थान के बूंदी में आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ तीन युवकों ने सामूहिक बलात्कार किया, मामला दर्ज

Ads

राजस्थान के बूंदी में आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ तीन युवकों ने सामूहिक बलात्कार किया, मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - February 28, 2026 / 09:53 PM IST,
    Updated On - February 28, 2026 / 09:53 PM IST

कोटा, 28 फरवरी (भाषा) बूंदी जिले के एक गांव में स्कूल से लौट रही आठवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ तीन युवकों ने कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

खून बहने के बाद जब बच्ची घर पहुंची तो उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे कोटा के एक अन्य स्वास्थ्य केंद्र में रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि वहां उसका इलाज चल रहा है।

काप्रेन के पुलिस उपाधीक्षक अशोक जोशी ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को 15 वर्षीय लड़की के बयान दर्ज किए और जिन तीन युवकों की पहचान हुई है उनके खिलाफ यौन अपराधों से बच्चे का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धाराओं के तहत सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज किया।

जोशी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार दोपहर को उस समय हुई जब छात्रा अपने स्कूल में आठवीं की बोर्ड परीक्षा देने के बाद घर लौट रही थी।

डीएसपी ने बताया कि उसके माता-पिता के अनुसार, शुक्रवार दोपहर परीक्षा देने के बाद वह अपने स्कूल के गेट के बाहर खड़ी थी तभी तीन आरोपी उसके पास आए और उनमें से एक ने उसे पानी पीने की पेशकश की।

उन्होंने बताया कि पानी पीने के बाद वह कथित तौर पर बेहोश हो गई और आरोपी उसे हिंगोलिया रोड पर कुछ दूरी तक ले गए, जहां उन्होंने कथित तौर पर उसके साथ बलात्कार किया और मौके से फरार हो गए।

डीएसपी ने बताया कि लड़की को उससे परिचित एक राहगीर उसकी नानी के घर ले गया, जहां उसने अपनी आपबीती सुनाई।

डीएसपी ने बताया कि लड़की के माता-पिता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे कोटा के जे के लोन अस्पताल में रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि शनिवार को लड़की की चिकित्सकीय जांच हुई, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार है।

डीएसपी ने बताया कि नाबालिग के बयानों के आधार पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार का मामला दर्ज किया है।

भाषा

शुभम माधव

माधव