पाकिस्तान के शहजाद भट्टी आतंकी नेटवर्क से ‘संपर्क’ के आरोप में असम में एक व्यक्ति गिरफ़्तार

Ads

पाकिस्तान के शहजाद भट्टी आतंकी नेटवर्क से ‘संपर्क’ के आरोप में असम में एक व्यक्ति गिरफ़्तार

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 06:40 PM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 06:40 PM IST

गुवाहाटी 31 अगस्त (भाषा) असम पुलिस ने सोमवार को कामरूप जिले से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया जिस पर पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल में शामिल होने का आरोप है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

राज्य पुलिस के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने चांगसारी पुलिस थानाक्षेत्र में गौरीपुर से आतंकी नेटवर्क के एक संदिग्ध सदस्य को पकड़ा है।

उन्होंने एक बयान में कहा, “पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मृगेन सलोई (31) के तौर पर हुई है। अभियान के दौरान उसके पास से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज जैसी आपत्तिजनक चीजें जब्त की गईं।”

इस गिरफ्तारी के साथ, शहजाद भट्टी नेटवर्क के सिलसिले में पकड़े गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर पांच हो गई है।

आतंकी नेटवर्क से जुड़ी पिछली गिरफ्तारियां धुबरी, चिरांग, बारपेटा और हैलाकांडी जिलों में की गई थीं।

असम पुलिस के प्रवक्ता ने कहा, “नलबाड़ी जिले के बेलसोर का रहने वाला मृगेन सलोई, चांगसारी में एक निजी कंपनी में लगभग एक साल से काम कर रहा था। उसे सोमवार तड़के एक किराए के घर से पकड़ा गया। जांच के दौरान पता चला कि वह पाकिस्तान में मौजूद कई ऐसे लोगों के संपर्क में था, जिनके शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े होने का शक है।”

उन्होंने कहा कि यह अभियान चरमपंथी और राष्ट्र-विरोधी नेटवर्क और उनके गुर्गों के खिलाफ एसटीएप की लगातार चल रही जांच और कार्रवाई का हिस्सा था।

भाषा प्रशांत नरेश

नरेश