केरल के कन्नूर में माकपा के बागी उम्मीदवार के समर्थक की कार में आगजनी
केरल के कन्नूर में माकपा के बागी उम्मीदवार के समर्थक की कार में आगजनी
कन्नूर (केरल), 11 अप्रैल (भाषा) कन्नूर जिले के मठमंगलम क्षेत्र के मदमंगलम में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के एक बागी उम्मीदवार के समर्थक की कार को आग लगा दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना मठमंगलम के पेरूर इलाके में एम.के. नारायणन के घर पर आधी रात के आसपास हुई।
अधिकारियों के अनुसार, नारायणन ने पेरिंगोम थाने में शिकायत दर्ज कराई है और मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, भारी बारिश और तेज हवाओं के बीच अचानक नारायणन की नींद खुली और उन्होंने अपने घर के परिसर में कुछ लोगों को घूमते देखा। जब वह बाहर पहुंचे, तो संदिग्ध वहां से फरार हो गए।
उसने बताया कि बाद में उनकी कार आंशिक रूप से जली हुई पाई गई, जिसमें कथित तौर पर बदमाशों ने आग लगाई थी।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता को संदेह है कि यह हमला उनके सोशल मीडिया पोस्ट से जुड़ा हो सकता है, जिनमें उन्होंने माकपा के बागी नेता वी. कुन्हीकृष्णन का समर्थन किया था।
कुन्हीकृष्णन ने पय्यानूर सीट से संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था।
इस बीच, शुक्रवार रात पय्यानूर में कुन्हीकृष्णन की जमीन पर बने एक शेड को भी अज्ञात लोगों ने आग लगा दी।
बृहस्पतिवार को विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद कन्नूर जिले के विभिन्न हिस्सों से हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं। पय्यानूर में कुन्हीकृष्णन का समर्थन करने वाले माकपा के एक नेता के घर पर भी हमला किया गया था और उनकी कार जला दी गई था।
चुनाव के बाद पय्यानूर, मय्यिल और मट्टन्नूर पुलिस थानों में हिंसा के कई मामले दर्ज किए गए हैं।
भाषा खारी सिम्मी
सिम्मी

Facebook


