अहमदाबाद में कड़ी सुरक्षा के बीच जगन्नाथ रथ यात्रा शुरू: अमित शाह और पटेल अनुष्ठानों में शामिल हुए
अहमदाबाद में कड़ी सुरक्षा के बीच जगन्नाथ रथ यात्रा शुरू: अमित शाह और पटेल अनुष्ठानों में शामिल हुए
(तस्वीरों के साथ)
अहमदाबाद, 16 जुलाई (भाषा) गुजरात के अहमदाबाद में बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच भगवान जगन्नाथ की 149वीं रथ यात्रा शुरू हुई।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने पारंपरिक ‘पहंडी विधि’ करके इसकी शुरुआत की।
अधिकारियों ने बताया कि शांतिपूर्ण रथ यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित निगरानी प्रणाली से लैस 30,000 से ज़्यादा सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
हर साल आषाढ़ी बीज (अषाढ़ मास के शुक्लपक्ष की तृतीया) पर निकाली जाने वाली सालाना रथयात्रा सुबह करीब सात बजे जमालपुर के 400 साल पुराने भगवान जगन्नाथ मंदिर से शुरू हुई। इससे पहले पटेल ने भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के तीन रथों में ‘छेरा पहरा’ (स्वर्ण जड़ित झाड़ू से भगवान के रथों के रास्ते को साफ करने की रस्म) की विधि पूरी की।
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तड़के चार बजे मंदिर पहुंचे। वह देव विग्रहों को उनके रथों पर आसीन करने से पहले ‘मंगला आरती’ में शामिल हुए।
इसके बाद, सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार खलासी समुदाय के सदस्यों द्वारा खींचे जाते हुए तीनों रथ मंदिर परिसर से बाहर निकले।
मंदिर और 16 किलोमीटर लंबे मार्ग पर रथ यात्रा को देखने के लिए लगभग 15 लाख श्रद्धालुओं के एकत्र होने की उम्मीद है। यह रथ यात्रा जमालपुर, कालूपुर, शाहपुर और दरियापुर जैसे सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरेगी और लगभग 14 घंटे बाद रात करीब नौ बजे वापस लौटेगी।
अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन के लिए शहर की पुलिस, होम गार्ड और ट्रैफिक ब्रिगेड के जवानों समेत लगभग 30,000 कर्मियों को तैनात किया गया है।
भाषा धीरज प्रशांत
प्रशांत

Facebook


